गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खंडामौदा निवासी जयंत पाईकिरा की मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, जयंत मंगलवार की रात काम समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मटियाल के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई.
बताया गया कि जयंत की शादी कुछ साल पहले पश्चिम बंगाल में हुई थी. उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो मासूम बेटियां हैं. बड़ी बेटी रूपसी पाईकिरा की उम्र करीब पांच वर्ष है, जबकि छोटी बेटी महज दो वर्ष की है. जयंत की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है.परिजनों के अनुसार, जयंत ही परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे. उनकी असमय मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. वहीं, दोनों मासूम बच्चियों की देखभाल और भविष्य को लेकर भी परिजनों के सामने बड़ी चिंता है.
बुधवार को घाटशिला में पोस्टमार्टम के बाद जयंत का शव खंडामौदा स्थित उनके घर पहुंचा. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं.पति की मौत की खबर और शव देखकर मृतक की पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थीं. उनकी हालत को देखते हुए परिजनों ने डॉक्टर को घर बुलाया, जहां उन्हें सलाइन चढ़ाई गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.जयंत की दोनों मासूम बेटियां अभी पिता के प्यार और जिम्मेदारियों को ठीक से समझ भी नहीं पाई थीं कि उनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया. घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
यह भी पढ़ें: मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का होगा विस्तार, सांसद विष्णु दयाल राम के प्रयास से मिली सफलता