न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरन्दर बिगहा में 2 सितंबर के रात करीब साढ़े आठ बजे छोटू सिंह उर्फ़ ओम प्रकाश सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले मे मृतक के पिता भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन देकर 10 नामजद लोगों पर पूर्व नियोजित साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने अपने पूरे परिवार की सुरक्षा की मांग की है.
हुसैनाबाद थाना मे दिए आवेदन के अनुसार, छोटु सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह 2 सितंबर को घर का सामान लेने बाजार गया था. इसी दौरान मनीष यादव ने उसकी गाड़ी रुकवाकर बातचीत करने की बात कही. आरोप है कि इसी बीच साकेत पाठक भी गाड़ी में बैठ गया और उसे पुरन्दर बिगहा की ओर ले गया. पिता के आवेदन में साकेत पाठक, इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह, मनीष यादव, निखिल सिंह, सिटु सिंह, सुधीर पाठक, नीतीश तिवारी, सौरभ पाठक, रवि सिंह और पीयूष कुमार को नामजद किया गया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपी चार मोटरसाइकिलों से युवक की गाड़ी का पीछा कर रहे थे और रास्ते में उसकी निगरानी की जा रही थी.
आवेदन के अनुसार आरोप है की पुरन्दर बिगहा पहुंचने के बाद साकेत पाठक ने युवक के पेट में गोली मारी. इसके बाद मनीष यादव ने उसकी कनपटी में गोली मारी. घायल अवस्था में युवक ने गाड़ी से निकलकर भागने का प्रयास किया, तभी इशू प्रताप सिंह उर्फ भिन्डी सिंह ने उसकी कनपटी में गोली मार दी. आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि युवक के गिरने के बाद निखिल सिंह और नीतीश तिवारी ने भी उस पर गोली चलाई, जबकि अन्य आरोपियों ने हवाई फायरिंग की. घटना के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए उत्तर दिशा में दंगवार रोड की ओर फरार हो गए. मृतक के पिता ने हत्या को पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए कुछ अज्ञात लोगों के भी इसमें शामिल होने की आशंका जताई है. उन्होंने कहा है कि साजिश में शामिल अन्य लोगों की जानकारी मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना दी जाएगी.
परिवार में दहशत, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद मृतक के परिवार में भय का माहौल है. मृतक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में आशंका जताई है कि आरोपियों अथवा उनके सहयोगियों द्वारा परिवार के किसी सदस्य पर दोबारा हमला किया जा सकता है. उन्होंने पूरे परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सांसद व विधायक ने किया तीन सड़कों का शिलान्यास