न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत से एक आरोपी हथकड़ी और रस्से समेत फरार हो गया. इस संबंध में ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/26 के तहत दर्ज धारा 303(2) बीएनएस के अप्राथमिकी अभियुक्त रीतेश कुमार, पिता अनिल सिंह, निवासी पीपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर हाजत में सुरक्षित रखा गया था. घटना के दिन अभियुक्त ने पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद सुरक्षा में तैनात चौकीदार उसे इलाज के लिए बाहर निकाल रहा था. इसी दौरान मौका पाकर अभियुक्त ने चौकीदार को धक्का दिया और हाथ में लगी हथकड़ी और रस्से समेत थाना हाजत से फरार हो गया.
घटना के तुरंत बाद पुलिस बल और चौकीदार द्वारा उसे पकड़ने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा. इस मामले में फरार अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें- 'हां हम लालखंड के हितैषी...' जयराम का ढुल्लू पर पलटवार, जुबानी जंग तेज