न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित HEC की जमीन पर आज बुधवार को लगातार दूसरे दिन जिला प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची है. दर्जनों जेसीबी की गाड़ियां और सैकड़ों पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची है. इधर बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए जाने के खिलाफ सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आये हैं. मौके पर प्रशासन और लोगों के बीच धक्का-मुक्की की भी ख़बरें सामने आ रही है. माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया है. अधिकारी लगातार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लोग बात मानने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं.
बताते चलें कल मंगलवार को भी जिला प्रशासन की टीम मौके पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी. कल भी मौके पर प्रशासन और लोगों के बीच काफी बहस हुई थी. लोग अपने आशियाने को उजड़ने से बचाने के लिए सड़कों पर उतर आये थे.
जानकारी के अनुसार लोगों को पहले ही घर खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद किसी ने घर खाली नहीं किया. वहां वर्षों से रह रहे लोगों का कहना है कि अगर हमें बेघर किया जा रहा है तो फिर हमारे रहने की भी व्यवस्था की जाये.
इसे भी पढ़ें: जमीन घोटाला: हेमंत सोरेन की क्रिमिनल रिवीजन याचिका पर आज हाई कोर्ट में सुनवाई