प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय से महज एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित अकराही गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है. मुख्य सड़क से गांव तक लगभग 500 से 600 मीटर पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को खेत-खलिहानों और कच्चे रास्तों से आवाजाही करनी पड़ती है. बरसात में कीचड़ और जलजमाव के कारण गांव का संपर्क लगभग कट जाता है.इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं होने से स्कूली बच्चों, कॉलेज के छात्रों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है. कई बार मरीजों को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है.ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. उन्होंने विधायक से मुख्य सड़क से अकराही गांव तक पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाने और स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की. ज्ञापन सौंपने वालों में पूरन सिंह, पवन कुमार प्रजापति, रोहित ठाकुर, संजय सिंह, रीना देवी, गीता देवी, रीता देवी, बबलू राम, धीरज कुमार सोनी, नगिना सिंह, कृष्णा कुमार, किस्मतिया देवी, ललिता देवी, मनोज कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे.
यह भी पढ़ें: जेपीएससी , जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आन्दोलन कर रहे छात्रों को मिला कांग्रेस का साथ