संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंदेया टोला डामरखोला पहाड़ के पास मिले अज्ञात शव की शिनाख्त बगैया निवासी महेंद्र भुइयां के रूप में हो गई है. महेंद्र भुइयां (पिता स्वर्गीय दुखत भुइयां) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने 11 मई को शव बरामद किया था, जिसकी पहचान अगले दिन मंगलवार को उनके बड़े भाई जालिम भुइयां ने की. पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस ने आधिकारिक कागजी कार्रवाई शुरू की, जिसमें पूर्व मुखिया पुत्र सह समाजसेवी मनोज यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मनोज यादव ने न केवल कानूनी प्रक्रिया में गवाह के रूप में हस्ताक्षर कर सहयोग किया, बल्कि मानवीय संवेदना दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था भी कराई ताकि पार्थिव शरीर को समय पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सके.
समाजसेवी मनोज यादव की सक्रिय मौजूदगी में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शव को पोस्टमार्टम हेतु मेदिनीनगर (डाल्टनगंज) भेजा गया. छत्तरपुर थाना प्रभारी द्वारा लिखित जिम्मेनामा और अन्य जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. इस हृदयविदारक घटना से बगैया और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. परिजनों ने मनोज यादव के त्वरित सहयोग और प्रशासनिक मदद की सराहना की है, जबकि पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.