न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बरसोल थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव में कल शुक्रवार देर रात आग लगने से एक कच्चा घर जलकर राख हो गया. गनीमत रही कि घर के अंदर अपनी बेटी के साथ सो रही महिला समय रहते घर से बाहर आ गयी, जिससे दोनों सुरक्षित हैं. हालांकि इस अगलगी की घटना में नगदी समेत घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी मुंडा के साथ बीती रात अपने घर पर सो रही थी. अचानक बाहर शोर सुनकर जब दोनों बाहर निकले तब देखे कि घर के ऊपरी हिस्से में आग लगी हुई है. देखते ही देखते आग ने विशाल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.
ग्रामीणों ने बहरागोड़ा दमकल विभाग को फोन करके इसकी जानकारी दी. लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था. वहीं आसपास में कोई भी पंप या तालाब नहीं होने से आग पर समय से काबू नहीं पाया जा सका और घर में रखें सभी सामान जलकर राख हो गए.
बेटे के भेजे 20 हजार रुपये भी जलकर खाक
जमुना मुंडा ने बताया की उनका बेटा सोमनाथ मुंडा तमिलनाडु में काम करता है. उसका कुछ दिन पहले ही विवाह हुआ था. लोगों का उधार चुकाने के लिए उसने 20 हजार रुपये भेजा था. इस आग में वह पैस्से भी जलकर खाक हो गए.
उन्होंने कहा कि अब परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है. कहां रहेंगे, क्या खायेंगे इसका कोई ठिकाना नहीं है. घर में रखें धान, चावल, बर्तन, सूटकेश, साइकिल, विभिन्न डॉक्यूमेंट समेत सभी सामान जलकर राख हो गया है. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा की शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी सही जानकारी नहीं मिल सकी. उन्होंने प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से तत्काल सहायता की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रांची: आजाद बस्ती में बूचरखाना तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम, लोगों ने किया हंगामा; सड़क जाम