न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए रांची पुलिस ने जहां 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, मामले में 10 बाइक को भी जब्त किया गया है. ये बाइक चोर गिरोह रांची के शहरी इलाके के भीड़ भाड़ वाले हाट बाजारों से बाइक की चोरी कर उसे ग्रामीण इलाकों में खपाने का कार्य किया करता था. गैंग का मास्टरमाइंड और पूर्व में 11 बार छुरी के केसेज में जेल की हवा खा चुका भरत बैठा भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है. दरअसल, धुर्वा थाना क्षेत्र में हाल के दिनो में बाइक चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ था. जिसे लेकर पुलिस के द्वारा चेकिंग लगाई गई थी और उसी चेकिंग के दौरान एक बाइक और उसपर तीन सवार को पकड़ा गया.
जांच में ये बात सामने आई कि बाइक चोरी की है. जिसके बाद मामले का अनुसंधान किया गया, जिसके आधार पर सभी की गिरफ्तारी हुई. गिरफ्तार आरोपियों में भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव, संजय गंझू, सरजू मुंडा और सुमित उरांव शामिल है. मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि हाट बाजारों से बाइक की चोरी की जाती थी. 8 हजार से लेकर 15 हजार तक में सामान्य बाइक को बेचा जाता था, जबकि स्पोर्ट्स बाइक को 20 हजार में गैंग के द्वारा बेचा गया था. भरत बैठा प्रतिदिन कम से कम एक बाइक की चोरी खुद करता था.
यह भी पढ़ें- MMDR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी झारखंड सरकार, मुख्यमंत्री ने संबंधित संचिका पर किया साइन