रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: पश्चिमी सिंहभूम की भाजपा जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (OMDC) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है. इस नियुक्ति पर भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त कर बधाई दी है.
भाजपा ने कहा कि यह नियुक्ति केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे झारखंड, कोल्हान और देश के आदिवासी समाज का सम्मान है. इससे स्पष्ट है कि भाजपा आदिवासी समाज को नीति-निर्माण के सर्वोच्च मंचों पर भी भागीदारी दे रही है. पार्टी ने विश्वास जताया कि अपने अनुभव और ईमानदारी से बालमुचू इस दायित्व को सफलतापूर्वक निभाएंगी और आदिवासी समाज का गौरव बढ़ाएंगी.
बताते चलें बालमुचू ने चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में 5 वर्षों तक सेवा दी और 2024 में 52 चाईबासा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी भी रहीं. सरल, मृदुभाषी और जनसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व के कारण वे कार्यकर्ताओं और जनता में लोकप्रिय हैं.
OMDCदेश के खनन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है. स्वतंत्र निदेशक के रूप में वे नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, पर्यावरण और सामाजिक दायित्वों में अहम भूमिका निभाएंगी. भाजपा का मानना है कि खनिज समृद्ध आदिवासी क्षेत्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा.