संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार की देर रात छापेमारी कर अवैध सफेद बोल्डर लदे एक बोलेरो वाहन को जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान बोलेरो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
गावां के प्रभारी फोरेस्टर राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि रेंजर को सूचना मिली थी कि तीसरी की ओर से एक बोलेरो वाहन में अवैध रूप से सफेद पत्थर लादकर पटना-बलहरा पथ के रास्ते कोडरमा ले जाया जा रहा है. सूचना के बाद रेंजर के निर्देश पर वन विभाग की टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया.
इसी क्रम में वन विभाग की टीम ने पटना-बलहरा पथ पर वाहन का पीछा करते हुए भेलवा गांव के समीप बोलेरो को रुकवाया. वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. इसके बाद टीम ने बोलेरो को जब्त कर लिया.
इस संबंध में संजीत साव, संजय बरनवाल, शमशुद्दीन मियां व अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है.
वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर बोरे में भरकर करीब 1 टन सफेद बोल्डर सुरक्षित तरीके से लोड किया हुआ पाया गया. वन विभाग के अनुसार, उक्त सफेद बोल्डर को लोकाय-नयनपुर क्षेत्र के जंगल से अवैध रूप से निकालकर कोडरमा ले जाया जा रहा था.
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध सफेद पत्थर के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया है. विभाग ने जब्त बोलेरो के मालिक तथा अवैध पत्थर की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें: तेली साहू समाज संघर्ष समिति का प्रदेश स्तरीय साहू मिलन समारोह 30 को चतरा में