संतोष कुमार/न्यूज11
सरायकेला/डेस्क: सरायकेला जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिला स्तरीय बैठक में उपायुक्त ने जिला माइनिंग टास्क फोर्स को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध बालू खनन और परिवहन की गतिविधियों को नहीं होने दिया जाए.
दरअसल, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर अवैध बालू उठाव को लेकर दो नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मामला सामने आया था. इसके बाद तिरुलडीह क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन का मुद्दा चर्चा में रहा. इसी बीच तिरुलडीह थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी समेत कई थाना प्रभारियों का तबादला भी हुआ.
वहीं, तिरुलडीह के नवपदस्थापित थाना प्रभारी ने कार्रवाई करते हुए बीते दिनों डाटम इलाके से अवैध बालू परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया था. इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया था.
हालांकि, अब स्थिति सामान्य होने के बीच क्षेत्र में एक बार फिर अवैध बालू कारोबार को लेकर सुगबुगाहट शुरू होने की चर्चा है. ऐसे में सवाल है कि जिला प्रशासन के निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन होता है और अवैध बालू खनन एवं परिवहन पर आगे किस तरह की कार्रवाई की जाती है.
इसे भी पढ़ें: IND vs WI T20: कुछ ही घंटों में ऑनलाइन टिकट हुआ SOLD OUT, स्टेडियम के बाहर टिकट के लिए लंबी लाइन