न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया. उन्होंने राज्य के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया.
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए हर स्तर पर कमियों को दूर करते हुए प्रभावी सुधार किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि समय के साथ शिक्षा पद्धति में भी बदलाव हो रहा है. ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक सहज, प्रभावी तथा विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि आधुनिक तकनीक के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए. साथ ही, नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, मूल्यों और जड़ों से जुड़ी रहे, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की.
इसे भी पढ़ें: रांची: रिम्स में चोरी, AC का लाखों रुपये का कॉपर पाइप काटकर ले गए चोर