न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी कोयलांचल क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह से ही घना कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. मैदानी इलाकों, खेतों और पहाड़ी क्षेत्रों में कुहासा छाया रहा, वहीं तापमान में अचानक आई गिरावट से ठिठुरन काफी बढ़ गई है.
घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है. सड़कों पर चलने वाले दोपहिया, चारपहिया, बस और ट्रक चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वाहन चालक हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर हैं. एलईडी युक्त लाइट के कारण कई जगहों पर दृश्यता और भी प्रभावित हो रही है. इसी तरह रेल परिचालन पर भी असर पड़ा है, कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
शीतलहर का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिल रहा है. सुबह के समय घने कुहासे और कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है. कई स्कूल वाहन अपने निर्धारित समय से देर से चल रहे हैं. ठंड से बचाव के लिए लोग घरों के बाहर और चौक-चौराहों पर अलाव जलाकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके लिए कूड़ा-करकट का भी उपयोग किया जा रहा है.
अचानक बढ़ी ठंड का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है. सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. वहीं कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाएं.
यह भी पढ़ें: पटना के गांधी मैदान में लगे सरस मेले की वजह से आसपास की यातायात व्यवस्था बदली