न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: पचम्बा थाना क्षेत्र में थाना से महज कुछ दूरी पर एक निजी कार शोरूम के बगल में घनी और कांटेदार झाड़ियों से एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. झाड़ी सड़क से करीब पांच फीट नीचे थी. स्थानीय दुकानदारों की नजर नवजात पर पड़ी, लेकिन कांटेदार झाड़ियों के कारण कोई उसे बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा सका. मामले की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार अपने चालक विमलेश और सहायक पुलिस सुनीता के साथ मौके पर पहुंचे. थाना प्रभारी ने सावधानीपूर्वक कांटेदार झाड़ियों को हटाकर नवजात को बाहर निकाला.
झाड़ियों में रहने के कारण बच्चे के शरीर और आंखों पर कई छोटी-छोटी चोटें और खरोंच के निशान थे. बच्चे की हालत देखकर थाना प्रभारी ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. बताया गया कि नवजात को पचम्बा थाना के समीप स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. नवजात शिशु झाड़ियों तक कैसे पहुंचा, उसे वहां किसने छोड़ा और घटना के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. वहीं, थाना प्रभारी राजीव कुमार द्वारा स्वयं झाड़ियों में उतरकर नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
यह भी पढ़ें- 14वीं जेपीएससी फर्जीवाड़ा: आरोपी सुमन सौरव और पवन कुमार सिंह को राहत नहीं, जमानत याचिका खारिज