न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं झारखंड हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी कल 05 फरवरी को सुबह 11:00 बजे राज्य के सभी सिविल सर्जनों के साथ एक आपात एवं महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. इस बैठक में हज 2026 पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग एवं वैक्सीनेशन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए जाएंगे. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार हज पर जाने वाले हाजियों को बेहतर, सुचारु एवं सम्मानजनक सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हज यात्रियों को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की दिक्कत, परेशानी या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े.
हज 2026 के अंतर्गत झारखंड राज्य से लगभग 1670 हज यात्री प्रस्तावित हैं. हज यात्रा की मुक़र्रर समय-सारणी (टाइमलाइन) को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक है कि 07 फरवरी 2026 तक सभी हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए, ताकि 08 फरवरी 2026 से वैक्सीनेशन की प्रक्रिया सुचारु रूप से प्रारंभ की जा सके. मेडिकल स्क्रीनिंग के दौरान हज यात्रियों की तमाम आवश्यक स्वास्थ्य जाँच की जाएगी. इसके पश्चात ही वैक्सीनेशन एवं आगे की वीज़ा प्रक्रिया संभव हो सकेगी. चूँकि यह पूरी प्रक्रिया समयबद्ध एवं अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर तालमेल (समन्वय) स्थापित करना निहायत ज़रूरी है.
इस संबंध में निम्नलिखित निर्देश दिए जाएंगे :
- राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों की बैठक शीघ्र आयोजित की जाए.
- सिविल सर्जनों को स्पष्ट एवं एकरूप गाइडलाइन जारी की जाए, ताकि हज यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
- प्रत्येक जिले में जिला नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएँ, जो मेडिकल स्क्रीनिंग एवं वैक्सीनेशन की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करें.
- स्वास्थ्य जाँच एवं वैक्सीनेशन के दौरान हज यात्रियों को प्राथमिकता, सहयोग एवं सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
ये भी पढ़ें- कम फरियादी देख एसपी सिटी नाराज, माइकिंग नहीं होने पर थानाध्यक्ष को फटकार