न्यूज11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड में हाथियों का उत्पात जारी है. पिछले एक सप्ताह से लगातार जारी गजराज के तांडव से इलाका दहल उठा है और ग्रामीणों का जीना दुभर हो गया है. रात हाथियों ने तीन गांवों में घुसकर ऐसी तबाही मचाई कि किसानों की महीनों की गाढ़ी कमाई पल भर में मिट्टी में मिल गई. हाथियों के झुंड ने दूधमटिया, केसड़ा और खंभवा के बंशी इलाके में ग्रामीणों की संपत्ति और फसलों को तहस-नहस कर दिया. दूधमटिया में हाथियों ने रामेश्वर यादव की मक्का, लाहर, बादाम की फसल रौंदने के साथ-साथ तार की चारदीवारी भी तोड़ दी. इसके अलावा टहल यादव का मक्का, ईख व तार की जाली, तुलसी यादव, किशोर यादव, संतोष यादव तथा मनोज यादव की बाउंड्री व मक्के की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया.
हाथियों के इसी झुंड ने बैजनाथ यादव की बाउंड्री, मक्का, बादाम व तार की जाली को क्षतिग्रस्त किया, जबकि कार्तिक यादव की बाउंड्री, मक्का, केला, बादाम और धान के खेत को रौंद डाला. बिनोद यादव की बाउंड्री, मक्का व लाहर, किसुन यादव की बाउंड्री, मक्का, केला, मड़ुआ, आम का बागान व तार, और सुधीर यादव की बाउंड्री, केला व मक्के की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया. केसड़ा गांव में भी हाथियों के इसी झुंड ने जमकर तांडव मचाया. गांव के सरजू मिस्त्री की बारी की चारदीवारी को कई जगहों से तोड़ दिया और बारी में लगी मक्का, लाहर, बादाम व अन्य फसलों को पूरी तरह रौंद डाला.
वहीं, त्रिलोकी मिस्त्री की चारदीवारी तोड़कर बारी में लगे केले के पौधों, मक्का, बादाम और लाहर को नष्ट कर दिया. चेतलाल मिस्त्री की बारी में लगी मक्का, बादाम, भिंडी और हल्दी की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया. उधर, खंभवा के बंशी क्षेत्र में हाथियों के दल ने धावा बोलकर कलिया देवी, सूर्यनारायण यादव, अर्जुन यादव, तिलेश्वर यादव, बिरजू गोप, चंद्रदेव यादव, विनय प्रजापति और लक्ष्मण यादव के खेतों में लगी मक्के की फसल को पूरी तरह रौंद दिया और उनकी चारदीवारी को ध्वस्त कर दिया. हाथियों को खदेड़ने के लिए वनपाल संजीत रविदास के नेतृत्व में हाथी भगाने की विशेष टीम, टाटीझरिया के मुखिया सुरेश यादव, डहरभंगा के मुखिया प्रतिनिधि रवींद्र यादव और थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा.
यह भी पढ़ें: JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच CBI से कराने को लेकर SC में याचिका दायर, 24 अगस्त को होगी सुनवाई