विश्वकर्मा भारती/न्यूज़11 भारत
बेरमो/डेस्क: सीसीएल के कथारा क्षेत्र स्थित कथारा कोलियरी के कोयला स्टॉक में आग लगी हुई है. आग के कारण कोयले का कुछ हिस्सा जलकर राख में तब्दील होता नजर आ रहा है. इसके बावजूद आग बुझाने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं किया जा रहा है. घटना को लेकर सीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कोयला स्टॉक में लगी आग से लगातार कोयला जल रहा है. स्थानीय स्तर पर इसे लेकर चिंता जताई जा रही है. लोगों का सवाल है कि जब सीसीएल प्रबंधन को कोयले में स्वतः आग लगने की आशंका की जानकारी रहती है, तो आग लगने के बाद इसे बुझाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं.
वहीं, एक ओर पावर प्लांटों में कोयले की कमी को लेकर कोल इंडिया के चेयरमैन गंभीर हैं. उनके निर्देश पर सीसीएल मुख्यालय के अधिकारी अधिक से अधिक कोयला डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए रेलवे साइडिंग समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं. दूसरी ओर कथारा कोलियरी के स्टॉक में कोयला जलने की घटना को लेकर प्रबंधन की कथित उदासीनता चर्चा का विषय बनी हुई है.
इस संबंध में कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार से दूरभाष पर जानकारी ली गई. उन्होंने कहा कि कोयला स्टॉक में लगी आग को बुझा लिया जाएगा.
हालांकि, सवाल यह है कि आग लगने के बाद उसे बुझाने के लिए तत्काल ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए. कोयले में आग लगने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई नहीं होने से बड़ी मात्रा में कोयले के नुकसान की आशंका बनी रहती है.
इसे भी पढ़ें: 2 हजार से अधिक UPI भुगतान पर चार्ज मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई