न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: देवघर एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) ने न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है. AIMS में पहली बार जागृत क्रैनियोटॉमी (होश में रखकर की जाने वाली मस्तिष्क की सर्जरी) के जरिए ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी हुई.
देवघर: एम्स देवघर ने न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. संस्थान में पहली बार जागृत क्रैनियोटॉमी (Awake Craniotomy) के जरिए ब्रेन ट्यूमर का सफल शोधन किया गया. इस जटिल न्यूरोसर्जिकल प्रक्रिया के दौरान मरीज को जागृत और उत्तरदायी रखा गया, जिससे सर्जरी के दौरान मस्तिष्क के महत्वपूर्ण हिस्सों से जुड़े न्यूरोलॉजिकल कार्यों की लगातार निगरानी की जा सकी.
एम्स देवघर के मुताबिक सर्जरी सफल रही और अब मरीज की स्थिति भी अच्छी है. मरीज बिना किसी न्यूरोलॉजिकल समस्या के ठीक हो रहा है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है.
क्या है जागृत क्रैनियोटॉमी ?
जागृत क्रैनियोटॉमी दिमाग की एक खास तरह की सर्जरी है, जिसमें मरीज को पूरी तरह बेहोश नहीं किया जाता. ऑपरेशन के दौरान मरीज को कुछ समय के लिए होश में रखा जाता है, ताकि डॉक्टर उससे बात करके उसके बोलने, समझने और शरीर की गतिविधियों की जांच कर सकें. इससे दिमाग के जरूरी हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए सर्जरी करने में मदद मिलती है.
इसका इस्तेमाल खासतौर पर तब किया जाता है, जब ब्रेन ट्यूमर मस्तिष्क के उन हिस्सों के करीब स्थित हो, जो बोलने, भाषा, हाथ-पैर की गतिविधि, संवेदना और अन्य महत्वपूर्ण न्यूरोलॉजिकल कार्यों के लिए जिम्मेदार होते हैं.
न्यूरोसर्जरी और एनेस्थीसिया टीम ने किया ऑपरेशन
एम्स देवघर के अनुसार यह जटिल प्रक्रिया न्यूरोसर्जरी विभाग की डॉ. चंद्रिमा बिस्वास, डॉ. सराव कुमार और उनकी टीम ने एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. संजय कुमार, डॉ. नेहा भारती, डॉ. गिरीश और डॉ. सौरव कुमार तथा अन्य सहायक ओटी स्टाफ के सहयोग से पूरी हुई. इसमें नर्सिंग अधिकारियों और ऑपरेशन थिएटर तकनीशियनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. संस्थान का कहना है कि इस तरह की जटिल सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से झारखंड और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को अपने क्षेत्र के करीब ही बढ़िया स्वास्थ्य सेवा मिल सकेगी.
एम्स देवघर आने में आने वाले समय में मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से जुड़े जटिल रोगों का उपचार भी संभव हो सकेगा, इस दिशा में कार्य जारी है.
इसे भी पढ़ें: रांची: कल रात आसमान में दिखा अद्भुत नजारा, चाँद के पास चमक रहा था शुक्र ग्रह; लोगों ने फोन में कैद की तस्वीरें