न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिला मुख्यालय स्थित मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के समीप पुलिस प्रशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है. यहां एक साथ 5 महत्वपूर्ण थानों साइबर थाना, महिला थाना, ऐहातू थाना तथा एससी-एसटी (SC-ST) थाना व ट्रेफिक थाना के नए भवनों के निर्माण के लिए भूमि पूजन कर आधारशिला रखी गई. निर्माण कार्य का शिलान्यास डीआईजी किशोर कौशल और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया.
जांच प्रक्रिया में आएगी तेजी, लोगों को मिलेगी सुविधा
भूमि पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन थानों के अपने नए और आधुनिक भवन बन जाने से संबंधित मामलों की जांच एवं प्रशासनिक कार्रवाई को अधिक प्रभावी और त्वरित ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही, आम नागरिकों को पुलिस से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी और लोगों को काफी सहूलियत होगी.
इस भूमि पूजन मे एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल, सार्जेंट मेजर सुरेश राम, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी और महिला थाना प्रभारी पार्वती कुमारी समेत जिले के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: लातेहार: एसपी ने हेरहंज थाना का किया औचक निरीक्षण, दिए कई आवश्यक निर्देश