प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय स्थित सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भरनो के विवेकानंद सभागार में शनिवार को प्रांतीय योजना के तहत “दादा-दादी एवं नाना-नानी सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार में बुजुर्गों के महत्व को रेखांकित करना तथा नई पीढ़ी को उनके प्रति सम्मान और संस्कार की सीख देना रहा.कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संरक्षक गुलाबी देवी,भूमिदाता सह संरक्षक उदय कुमार गुप्ता, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव श्रीकांत केशरी,कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता तथा प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय द्वारा संयुक्त रूप से भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया.
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी परिवार रूपी भवन के चार मजबूत स्तंभ होते हैं. उनके स्नेह,अनुभव और मार्गदर्शन में बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव होता है. उन्होंने भैया-बहनों को जीवन में सदैव अपने बुजुर्गों का सम्मान करने और उनके आशीर्वाद को सबसे बड़ी पूंजी मानने की प्रेरणा दी.मुख्य अतिथि गुलाबी देवी ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और अपने विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करने का संदेश दिया. उन्होंने विद्यालय परिवार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वह भावुक क्षण रहा जब विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के चरण पखारकर, तिलक एवं आरती कर उनका सम्मान किया.इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से सभी अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. इस अनूठे सम्मान से उपस्थित बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे.कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें गीत,नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों को दर्शाया गया.
यह आयोजन न केवल बुजुर्गों के सम्मान का प्रतीक बना,बल्कि विद्यार्थियों के मन में संस्कार और पारिवारिक मूल्यों की मजबूत नींव भी स्थापित कर गया.इस मौके पर संयुक्ता देवी,पूनम सारंगी, मुकेश कुमार शाही,संतोष तिवारी,वीरेंद्र कुमार, सुद्धेश्वर साहू,ज्योति पांडेय, लक्ष्मी कुमारी,पूनम देवी, आनंद कुमार,रेणु देवी,धर्मेंद्र सिंह,पूनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, भैया-बहन एवं विद्यालय के सभी आचार्य उपस्थित रहे. अंत में शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त से मिले 'वरदान' संस्था के सदस्य, युवाओं की सुरक्षा और सड़क नियमों के पालन पर दिया जोर