नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: बीते शनिवार, 20 जून को गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की अकाल मृत्यु हो गई थी, जिनमें बसिया प्रखंड के कलिगा गांव निवासी मनोज ठाकुर भी शामिल थे. मनोज ठाकुर की आकस्मिक मौत से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए पूर्व सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सुदर्शन भगत आज कलिगा गांव पहुंचे. उन्होंने मृतक मनोज ठाकुर के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी.
हर संभव मदद का दिया भरोसा
परिजनों से बात करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत भावुक नजर आए. उन्होंने ढाढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे और पूरी भाजपा इकाई परिवार के साथ खड़ी है. उन्होंने पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया और आश्वस्त किया कि उन्हें हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी.
भाजपा कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ भाजपा के स्थानीय नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता भी कलिगा गांव पहुंचे थे. इस मौके पर मुख्य रूप से विनोद भगत (बसिया भाजपा मंडल अध्यक्ष),विजय सिंह पिंटू,अमर पाण्डेय,जगदंबा साहू,अंकित तिवारी,बंदी साहू सहित बसिया मंडल भाजपा के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की.
यह भी पढ़ें: बिना अनुज्ञप्ति संचालित विवाह भवन पर धनबाद नगर निगम की कार्रवाई, झरिया का आर एस पैलेस प्रतिष्ठान सील