गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड के खंडामौदा और गामारिया पंचायत की सीमा पर स्थित रागड़ पुलिया के किनारे लगातार हो रही भारी बारिश के कारण धंसने लगे हैं. मिट्टी कटाव के चलते पुलिया का किनारा कमजोर हो गया है, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. ग्रामीणों ने राहगीरों को सतर्क करने के लिए क्षतिग्रस्त सड़क किनारे सिंगल लगा दिया है.
रागड़ पुलिया से होकर नेडरा, गामारिया, माहुलबरई, बतबती और शालझाटिया समेत चित्रेश्वर आसपास के कई गांवों के हजारों ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं. वहीं, इन गांवों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी साइकिल से खंडामौदा उच्च विद्यालय और बहरागोड़ा कॉलेज आने-जाने के लिए इसी पुलिया का इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में पुलिया के किनारे धंसने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि रागड़ पुलिया का निर्माण करीब 24 वर्ष पूर्व हुआ था. लंबे समय से पुलिया से होकर वाहनों का आवागमन जारी है. वर्तमान में लगातार बारिश के कारण पुलिया के किनारों पर मिट्टी का कटाव तेजी से हो रहा है. इसके अलावा बालू लदे ट्रैक्टरों का नियमित आवागमन होने से भी पुलिया पर दबाव बढ़ रहा है.
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया के क्षतिग्रस्त किनारों की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. पुलिया के धंसने की स्थिति में आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन बाधित हो जाएगा और विद्यार्थियों को भी विद्यालय व कॉलेज आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
गामारिया पंचायत के ग्राम प्रधान राहुल बास्के के साथ कालीचरण टुडू, दुखीराम मुर्मू, कुना राम सिंह, छोटू बेसरा, मनोज बास्के, हरिपद मुंडा, सावन बास्के, कारिया सोरेन और गोविंद मुर्मू ने प्रशासन से मांग की है कि रागड़ पुलिया का स्थल निरीक्षण कर धंस रहे किनारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके और ग्रामीणों का आवागमन सुचारु बना रहे.
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में युवक की मौत, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया