न्यूज11 भारत
खूंटी/डेस्क: खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. तोरपा थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व ज्वेलरी और शराब दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को मिली गुप्त सूचना पर एसआईटी ने जमशेदपुर और आदित्यपुर में छापेमारी कर अंतरप्रांतीय गिरोह के 4 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. चोरी का माल, शराब और घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी बरामद की गई है. पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 22 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के बाद एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर में दबिश देकर चारों आरोपियों को खदेड़ कर पकड़ा. गिरफ्तार शातिर आरोपियों में दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार, निवासी देवनगर सीतारामडेरा, मो0 अफरोज, निवासी आजाद बस्ती मानगो, बाबू पिल्ले, निवासी कैरेज कॉलोनी वर्मा माइंस और अजय शर्मा, निवासी मांझी टोला आदित्यपुर शामिल है. पूछताछ में चारों अपराधियों ने तोरपा में हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
आरोपियों से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, ब्लेंडर्स प्राइड शराब की 4 पेटियां यानी 84 बोतलें, सफेद अर्टिगा कार JH05DY-6180, फर्जी नंबर प्लेट, 3 फीट का कटर, 2.5 फीट का सबल, 4 मोबाइल, टोपी और मास्क बरामद किया गया है. मुख्य आरोपी कल्लू सरदार पर जमशेदपुर के विभिन्न थानों में हत्या और डकैती के 7 मामले दर्ज हैं. बाबू पिल्ले पर रांची एयरपोर्ट और परसुडीह में आर्म्स एक्ट और लूट के मामले दर्ज हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
यह भी पढ़ें: पर्यटन मंत्री से मिले अली हसन अंसारी, बेतला-नेतरहाट के विकास और रोजगार के मुद्दे उठाए