मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: मोहन नगर स्थित ओड़िया बैरेक में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला, जब गृहस्वामी मुकेश कुमार साहू उर्फ छोटू रात्रि ड्यूटी से घर लौटे. घर का दरवाजा और अंदर रखे गोदरेज का ताला टूटा हुआ था, जबकि सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. बताया गया कि मुकेश की पत्नी मायके गई हुई थी और वह स्वयं एक निजी कंपनी में रात्रि पाली में ड्यूटी करने गए थे. इसी दौरान घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर चोर घर में दाखिल हुए. चोरों ने दरवाजा तोड़ने के बाद गोदरेज को तोड़ा और उसमें रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए. मुकेश के अनुसार चोरी गए सामान में कान के आभूषण, गले का सेट, पायल, मंगलसूत्र, मांग टीका समेत अन्य जेवरात शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई गई है. इसके अलावा करीब 20 हजार रुपये नकद भी चोरी हुए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही मुकेश ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और बाद में खलारी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी. चोरी की घटना के बाद ओड़िया बैरेक क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: गढ़वा जिला मुख्यालय के जुड़वानिया शिव मंदिर में चोरी, वारदात CCTV में हुई कैद