न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली हैं. उत्तरी भारत में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब राज्य में साफ दिखाई देने लगा हैं. सर्द हवाओं के चलते तापमान तेजी से गिरा है और कई जिलों में ठंड का असर तेज हो गया हैं. हालात ऐसे है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री नीचे चला गया हैं.
रांची और जमशेदपुर को छोड़ दें तो ज्यादातर जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया हैं. गुमला में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा. इसके अलावा खूंटी, सिमडेगा और मेदिनीनगर जैसे जिलों में भी ठंड का असर लोगों को सुबह-शाम ज्यादा महसूस हो रहा हैं.
9 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी से झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा. आसमान में बादल छाए रहेंगे और यह स्थिति अगले चार दिनों तक बनी रह सकती हैं. हालांकि बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन ठंड का अहसास बना रहेगा.
अभी राहत नहीं, सर्द हवा रहेगी जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. सर्द हवाएं चलती रहेंगी और तापमान कम बना रहेगा. फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन बादल छाने से सुबह के समय कुहासा देखने को मिल सकता हैं.
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम 24.4 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ हैं. पिछले 24 घंटों में यहां तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया.
इन जिलों में रहा सबसे कम न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
गुमला में 5.0 डिग्री, खूंटी में 5.7 डिग्री, सिमडेगा में 6.9 डिग्री, मेदिनीनगर में 7.1 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री, सरायकेला में 8.6 डिग्री, पाकुड़ में 9.6 डिग्री, लोहरदगा में 9.8 डिग्री हैं.
यह भी पढ़े: India Export US: हीरे से लेकर रेशम तक.. अब 18% तक टैरिफ लागू, देखें पूरी लिस्ट