न्यूज11 भारत
लातेहार/डेस्क: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने सोमवार को लातेहार में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से समाहरणालय तक विरोध मार्च निकाला और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया.
दोपहर करीब तीन बजे जिला कार्यालय से शुरू हुआ विरोध मार्च शहर के मुख्य बाजार से होते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार पहुंचा. इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं.
समाहरणालय के मुख्य द्वार पर आयोजित सभा के बाद कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया. कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा- आंदोलन जारी रहेगा
झामुमो जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वायत्तता और उसकी कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी लगातार सवाल उठा रही है. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे हैं और पार्टी केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी.
उन्होंने कहा कि लातेहार में कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी ने पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता को भी सामने रखा है. आने वाले दिनों में भी जनहित और लोकतांत्रिक मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही गई.
वैद्यनाथ राम ने भी जताया विरोध
राज्यसभा सांसद वैद्यनाथ राम ने प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी की आपत्तियां रखीं. उन्होंने कहा कि झामुमो इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगा.
प्रदर्शन में झामुमो जिला एवं केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्र मोर्चा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा जिले के बागडेहरी थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के निर्माण व बिक्री के खिलाफ कार्रवाई, जोक पहाड़ी में छापेमारी