न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में आज शुक्रवार सुबह धनबाद सीबीआई की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की. इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में पहुंची सीबीआई की टीम ने सुबह लगभग 11:30 बजे छापेमारी कर CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा. दोनों कर्मियों को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की टीम अपने साथ ले गई है.
यह पूरा मामला सेवामुक्त हुए एक कर्मचारी के बकाया भुगतान से जुड़ा हुआ है. परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत और जनता नगर निवासी रसूल जमा सात माह पूर्व ही अपनी सेवा से अवकाश प्राप्त कर चुके थे. सेवानिवृत्ति के इतने महीनों बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन की राशि का भुगतान अटका हुआ था. आरोप है कि इस भुगतान को जल्द से जल्द कराने के एवज में दोनों डीलिंग क्लर्क उनसे लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे.
परेशान होकर पीड़ित रसूल जमा ने इस भ्रष्टाचार की शिकायत धनबाद सीबीआई से की. शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया. शुक्रवार को जैसे ही पूर्व कर्मचारी रसूल जमा ने आरोपी क्लर्कों को रिश्वत की तय रकम 18 हजार रुपये सौंपी, वैसे ही पास में ही मुस्तैद सीबीआई की टीम ने दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया. सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसे भी पढ़ें: मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति जल्द कराने की मांग, बाबूलाल मरांडी ने CM को लिखा पत्र