न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: रांची-मेदनीनगर मुख्य मार्ग चंदवा थाना अंतर्गत डेढ़ टंगवा घाटी पर बीते शाम हुई भीषण सड़क हादसे पर लातेहार जिला उपायुक्त ने गहरा शोक व्यक्त किया है. इस तरह की घटना दोबारा ना हो, इसके लिए उपायुक्त ने भारी वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया है. अब सभी भारी वाहन वैकल्पिक मार्ग चंदवा-कुडू-लोहरदगा से परिचालित होगी.
उपायुक्त ने कहा कि चंदवा-लुकुइया मोड़ चापी- लोहरदगा मार्ग काफी संकीर्ण, घुमावदार व कई स्थानों पर खतरनाक ढलान एवं चढ़ाई होने के कारण भारी वाहनों के परिचालन में काफी कठिनाई होती है. लोहरदगा से आने के क्रम में तीव्र ढलान पर कई बार भारी वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिस कारण भीषण सड़क हादसे होते रहते हैं, जिसमें कई लोगों की असामयिक मृत्यु हो रही है तथा कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे है. भविष्य में दुर्घटनाओं की लगातार पुनरावृत्ति को रोकने के लिए मार्ग परिवर्तित किया जा रहा है.
बताते चलें चंदवा थाना क्षेत्र में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर लुकुइया घाटी के समीप कल शनिवार को हुई एक भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गयी. वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल है. मिली जानकारी के अनुसार लोहरदगा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद कंटेनर यात्रियों से भरे एक ऑटो के ऊपर पलट गया, जिससे ऑटो और बाइक दोनों पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए.
इसे भी पढ़ें: लातेहार में भीषण सड़क हादसा, ऑटो-बाइक के ऊपर पलटी कंटेनर; 7 लोगों की मौत, कई घायल