न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: सावन की दूसरी सोमवारी पर आज बाबा बैद्यनाथ के दरबार में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा है. बाबा पर जलार्पण के लिए रात से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गयी थी. सोमवार सुबह 3:05 बजे बाबा मंदिर का पट खोला गया. पट खुलने के बाद सबसे पहले पुरोहित समाज के लोगों ने बाबा की विशेष पूजा संपन्न की. इसके बाद सुबह 4:10 बजे से आम श्रद्धालुओं का बाबा पर जलार्पण शुरू हुआ. कतारबद्ध होकर शिवभक्त बाबा पर जलार्पण कर रहे हैं. पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयकारों से गूंज उठा है. मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं.
सोमवार सुबह तक मुख्य अर्घा से जलार्पण करने वाले श्रद्धालुओं की कतार बाबा मंदिर से करीब 20 किलोमीटर दूर कुमैठा स्टेडियम तक पहुंच गई. वहीं, बाह्य अर्घा से जलार्पण करने वाले कांवरियों की कतार सरदार पंडा लाइन, शिवगंगा लेन और वीआईपी गेट के सामने तक फैली रही.
इधर मंदिर परिसर में सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किये गए हैं. पूरे मंदिर परिसर में जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. वहीं चारों ओर लगे सीसीटीवी कैमरे से भी लगातर नजर रखी जा रही है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने आज अहले सुबह मेला क्षेत्र, रूटलाइन और कांवरिया पथ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कतार प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया.