उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: धनबाद जिला के धारकिरो में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के पंचम दिवस पर कथा पंडाल में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला. परम पूज्य आचार्य कन्हैया द्विवेदी जी महाराज (वाराणसी) के श्रीमुख से निकली दिव्य कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए.
कथा प्रारंभ होने से पूर्व वादक मंडली द्वारा भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. अपने प्रवचन में आचार्य कन्हैया द्विवेदी जी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि भगवान की लीलाएं हमें प्रेम, भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं. उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्तों के साथ सदैव प्रेम और स्नेह का संबंध बनाए रखते हैं. कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल “राधे-राधे” एवं “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गूंज उठा.
कथा के उपरांत कतरास के प्रसिद्ध झांकी कलाकार नवीन गुप्ता झांकी वाले द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. सबसे पहले माखन चोरी लीला की झांकी दिखाई गई, जिसमें नटखट बाल गोपाल अपने सखाओं के साथ माखन चुराते हुए दर्शाए गए. इस प्रस्तुति पर श्रद्धालु आनंदित होकर तालियों से स्वागत करते नजर आए.
इसके बाद गोवर्धन पर्वत पूजा की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्रदेव के अभिमान को दूर करने हेतु गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर धारण करने की लीला का सुंदर चित्रण किया गया. गायों और ब्रजवासियों के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.
अंत में छप्पन भोग की दिव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के भोग अर्पित करते हुए दर्शाया गया. रंग-बिरंगे व्यंजनों और आकर्षक सजावट से सजी यह झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही. श्रद्धालुओं ने “गोवर्धन महाराज की जय” और “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष लगाए.
पूरा कार्यक्रम हरिनाम संकीर्तन मंडल, धारकिरो (धनबाद) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है. आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण एवं झांकियों के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. आयोजकों ने सभी भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का लाभ उठाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: गावां में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित