न्यूज़11 भारत
झरिया/डेस्क: झरिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कल शनिवार को धनबाद समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिला उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने झरिया क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर उपायुक्त से विस्तृत वार्ता की और उनके समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.
विधायक ने DMFT मद से झरिया विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कराने की मांग भी रखी. सरकारी विद्यालय परिसर में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण तथा भागा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण शामिल है. साथ ही विधायक ने पेयजल संकट से निपटने के लिए झरिया क्षेत्र में जल टैंकरों की पर्याप्त उपलब्धता का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने संबंधित विभाग से आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और जनता को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की.
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया की जनता बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से लंबे समय से जूझ रही है. जनप्रतिनिधि होने के नाते इन समस्याओं का समाधान कराना मेरी प्राथमिकता है. मैंने आज उपायुक्त महोदय के समक्ष सभी महत्वपूर्ण विषयों को रखा है. उम्मीद है कि जिला प्रशासन इन मामलों में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके.
इस दौरान झरिया विधायक ने बीसीसीएल के मनमाने रवैये उत्खनन व विस्थापन में अनियमितता को लेकर नाराज़गी जताई. उन्होंने कहा कि झरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वह लगातार जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों केअधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करती रहेंगी.