न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा प्रखंड के नाथपुर गांव में अयोध्या स्थित भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर बजरंगबली समिति नाथपुर के द्वारा भक्ति और उल्लास के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव की महिलाओं और कन्याओं ने भारी संख्या में हिस्सा लिया. श्रद्धालु गाजे-बाजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ गांव के समीप स्थित केरा झरिया नदी पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके पश्चात, सिर पर कलश धारण कर 'जय श्रीराम' के नारों के साथ सभी श्रद्धालु पुनः हनुमान मंदिर पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन भी आयोजित किया गया है. कीर्तन की समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा. इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और पूरा गांव आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है.
यह भी पढ़े: शेरघाटी पुलिस की बड़ी सफलता, दो पिकअप से 455 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार