संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: हुसैनाबाद प्रखंड के बनियाडीह बराही पंचायत के कामत उरांव टोला स्थित अखड़ा में बुधवार को प्रकृति पर्व करमा धूमधाम से मनाया गया. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव शामिल हुए. उन्होंने पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर बजाकर कार्यक्रम में सहभागिता की. मांदर की थाप और नागपुरी गीतों पर स्थानीय युवक-युवतियों ने देर शाम तक नृत्य किया. कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई.
कमिटी के सदस्यों ने विधायक सहित अन्य अतिथियों को पारंपरिक अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. इसके बाद अखड़ा परिसर में फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया. इस मौके पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने करमा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि करमा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, भाई-बहन के प्रेम और प्रकृति संरक्षण से जुड़ा पर्व है. उन्होंने लोगों से परंपरा को बनाए रखने के साथ पेड़-पौधों और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने आयोजन समिति को मांदर और नगाड़ा समेत पारंपरिक वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की घोषणा की. साथ ही स्थानीय लोगों की मांग पर धूमकुड़िया भवन बनवाने का आश्वासन दिया. मुखिया सुदामा यादव, पूर्व मुखिया रामलखन यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष सुधेश्वर राम सहित अन्य अतिथियों ने भी लोगों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं.
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हरिशंकर पासवान ने किया. मौके पर सरना समिति कामत उरांव टोला के अध्यक्ष लालबहादुर उरांव, सचिव मदन उरांव, उपाध्यक्ष रमेश उरांव, सुखाड़ी उरांव, ललन उरांव, शिवनारायण उरांव, मोहन उरांव, अजीत सिंह, गरीबन पासवान, सरस्वती देवी, मनीषा उरांव, लक्ष्मी देवी, निक्की टोप्पो, प्रेमलता कुजूर, ललिता देवी, बबीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: JSSC-CGL नियुक्ति में गड़बड़ी मामले CID ने गावां थाना क्षेत्र से संजय कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया