श्रीकांत/न्यूज11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार द्वारा शहर में संचालित विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान एसडीएम के द्वारा कोचिंग संस्थानों के संचालन में निर्धारित नियमों एवं तय मानकों के अनुपालन के साथ-साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी की गई .इस दौरान करीब दस विभिन्न कोचिंग संस्थानों का एसडीएम ने निरक्षण किया .वही कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संबंधित अभिलेख, कक्षाओं की व्यवस्था, अध्ययन-अध्यापन की स्थिति, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच भी की गई.
संबंधित संस्थान संचालकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया. अनुमंडल पदाधिकारी ने कोचिंग संस्थान संचालकों को निर्देशित किया कि संस्थानों का संचालन झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 एवं इसके तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए. विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा सभी जरूरी अभिलेख अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों में अनुशासित, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है. विद्यार्थियों के हित से जुड़े मानकों की अनदेखी अथवा निर्धारित नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: चंदवा के चकला में चितरपुर कोल ब्लॉक का ग्राम सभा ने किया विरोध, ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन