न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: एक पत्नी... जो पिछले 51 दिनों से अपने पति के लौटने का इंतजार कर रही है. दो छोटे-छोटे बच्चे... जो हर दिन अपने पापा की राह देखते हैं. लेकिन वक्त बीतता जा रहा है और दीपक कुमार का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
51 दिन से लापता दीपक
रांची के सदर थाना क्षेत्र के बुटी मोड़ से 30 जुलाई 2026 को लापता हुए दीपक कुमार का 51 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है. 38 वर्षीय दीपक कुमार, मूल रूप से कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के बिचरिया नईटांड़ के रहने वाले हैं. वह रांची में परिवार के साथ रहकर बुटी मोड़ स्थित अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर काम करते थे. लेकिन 30 जुलाई को घर से निकले दीपक, अब तक वापस नहीं लौटे.
पति के इंतजार में पत्नी... बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
दीपक के लापता होने के बाद उनकी पत्नी किरण कुमारी सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. एक तरफ पति की चिंता... तो दूसरी तरफ दो छोटे-छोटे बच्चों की जिम्मेदारी. किरण का कहना है कि बच्चे लगातार अपने पिता का इंतजार कर रहे हैं. पापा की याद में बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. हर गुजरता दिन परिवार की चिंता और बढ़ा रहा है. पत्नी की उम्मीद अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है.
पुलिस से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार
पति की सकुशल बरामदगी के लिए किरण कुमारी ने सदर थाना, कोकर में आवेदन दिया है. वहीं, अब मुख्यमंत्री को भी आवेदन देकर दीपक कुमार की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ओर से बार-बार अनुसंधान जारी होने की बात कही जाती है. लेकिन लंबे समय के बाद भी दीपक की बरामदगी नहीं हो सकी है. परिजनों का कहना है कि लगातार इंतजार और कार्रवाई में देरी से उनका भरोसा कमजोर पड़ रहा है.
वहीं, इस मामले में सदर थाना का कहना है कि दीपक कुमार की सकुशल बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. लेकिन परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. पत्नी की आंखें पति की राह देख रही हैं... बच्चे अपने पापा के लौटने का इंतजार कर रहे हैं... अब परिवार को इंतजार है तो सिर्फ उस खबर का... जब दीपक कुमार सकुशल अपने घर लौटेंगे.
(रांची से मोहम्मद इमरान की रिपोर्ट)