न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: अमड़ापाड़ा बाजार में दिनदहाड़े किशुन बर्मा ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर हथियार के बल पर लूट करने वाले अपराधियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वारदात के महज 10 दिनों के भीतर पुलिस ने लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित SIT और विशेष छापेमारी टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर देवघर और बांका समेत अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी और आरोपियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा, एक पिस्टल, 7.65 एमएम और 3.15 एमएम के जिंदा कारतूस, करीब एक किलो चांदी के जेवर, मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और 12,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रवीण कुमार उर्फ पारो का लंबा आपराधिक इतिहास है. उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और अन्य जिलों में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
अमड़ापाड़ा की ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद लूट के बाद पुलिस के सामने चुनौती बड़ी थी, लेकिन SIT ने सुराग जोड़ते हुए अपराधियों तक पहुंच बनाई और 10 दिनों के अंदर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. अब पुलिस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.