संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोबला के जंगली क्षेत्र में ताल पिकेट के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों द्वारा सघन अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती का पता लगाया गया. जांच के क्रम में वन भूमि पर लगभग 02 एकड़ क्षेत्रफल में अवैध अफीम की खेती पाई गई.
कार्रवाई के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें अवैध अफीम की खेती से जुड़े कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई तथा सामाजिक दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. इसके उपरांत ग्राम जोबला में पाई गई अवैध अफीम की खेती को पूर्णतः विनष्ट कर दिया गया. इसी क्रम में ग्राम मुक्ता के जंगली क्षेत्र में भी वन भूमि पर लगभग 03 एकड़ क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई है. उक्त मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं नाम-पता सत्यापन की कार्रवाई जारी है. अवैध खेती में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा, तथा इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें: दरभंगा: राष्ट्रीय स्तर पर चोरी-डकैती को अंजाम देने वाला उत्तर प्रदेश के रहने वाले गिरोह बेनकाब, 7 अपराधी गिरफ्तार