न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सुदृढ़ करने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत बिडिंग प्रक्रिया के माध्यम से 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी. इनमें 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर तथा 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पद शामिल हैं.
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी. विभाग की ओर से जारी विज्ञापन में नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के 200 पदों के लिए एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी जैसी विशेषज्ञताओं को शामिल किया गया है.
वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी विशेषज्ञता के चिकित्सकों का चयन किया जाएगा. इन पदों पर चयनित चिकित्सकों की पोस्टिंग विज्ञापन के अनुलग्नक-I में निर्धारित स्थानों के अनुसार होगी.
दोनों श्रेणियों के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे से शुरू होगी. अभ्यर्थी 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे. आयु की गणना के लिए कट-ऑफ तिथि भी 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है. आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस की डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री अथवा डिप्लोमा होना आवश्यक है. संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है. दोनों विज्ञापनों में न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित है.
विभाग के विज्ञापन के अनुसार 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति विशुद्ध रूप से अनुबंध के आधार पर होगी और नियुक्ति विज्ञापन में निर्धारित नियम एवं शर्तों के अधीन रहेगी. वहीं एनएचएम के तहत 106 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति विभिन्न कार्यक्रमों के लिए की जाएगी.
इच्छुक अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की वेबसाइट www.jrhms.jharkhand.gov.in तथा भर्ती पोर्टल www.recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई! नगड़ी में लग्जरी कार से 97 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार