मधु सुदन/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने मंगलवार को झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षाविद् प्रो. कालीपद सोरेन गुवा पहुंचे. उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर आंदोलन में बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी.
इस मौके पर प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि गुवा गोलीकांड झारखंड के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. जल, जंगल और जमीन के साथ झारखंड के हक-अधिकारों की लड़ाई में शहीदों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उनका संघर्ष और त्याग आने वाली पीढ़ियों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरणा देता रहेगा.
उन्होंने कहा कि गुवा के शहीदों की स्मृति केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. आदिवासी-मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण और शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, घाटशिला विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकू और जिला सचिव राहुल आदित्य समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों को नमन किया.