विरेन्द्र शर्मा/ न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम अंबातरी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने छापामारी के दौरान छह मोटरसाइकिल और करीब 295 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया है. दरअसल, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम अंबातरी में चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध महुआ शराब की तस्करी कर बिहार भेजी जा रही है.
सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृ्त्व में छापामारी दल का गठन किया गया है. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम अंबातरी के नदी इलाके के आसपास छापामारी की. पुलिस को देखते ही शराब तस्कर मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए. वहीं, छापामारी के दौरान दो स्पलेंडर, दो होंडा साइन, एक ग्लैमर और एक टीवीएस समेत कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. इन मोटरसाइकिल पर करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब लदी हुई थी. जब्त मोटरसाइकिलों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच की गई. जांच में सभी छह मोटरसाइकिलें चोरी की पाई गईं. इनमें ग्लैमर बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR02AP-7939 स्प्लेंडर का BR01HL-9692, होंडा साइन का BR02BF-8914, दूसरी स्प्लेंडर का BR02BC-6097, दूसरी होंडा साइन का JH10BG-9168 और टीवीएस बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR01YH-8248 है.
इस संबंध में चौपारण थाना में सुसंगत धाराओं के तहत पांच नामजद शराब तस्करों एवं छह मोटरसाइकिल मालिकों के आगे की कार्रवाई कर रही है. छापामारी दल का नेतृत्व चौपारण थाना प्रभारी पु०अ०नि० पंकज कुमार ने किया. टीम में पु०अ०नि० सुनील कुमार सिंह, पु०अ०नि० सुबिन्द्र राम और स०अ०नि० बादल कुमार महतो के अलावा चौपारण थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
यह भी पढ़ें: पदमा में अवैध पत्थर खनन पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल