न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच रांची के मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर में उस समय हड़कंप मच गया, जब वाहन कोषांग में खड़ी एक गाड़ी के अंदर चालक का शव बरामद किया गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य चालकों ने हंगामा शुरू कर दिया.
जानकारी के अनुसार, चालक देर रात खाना खाने के बाद अपनी गाड़ी में आराम करने गया था. सुबह जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो अन्य चालकों को शक हुआ. गाड़ी के अंदर देखने पर चालक अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. बताया जा रहा है कि मोरहाबादी मैदान में नगर निकाय चुनाव कार्य के लिए कई वाहनों को अधिग्रहित कर रखा गया था. मृतक चालक भी इसी चुनावी ड्यूटी में शामिल था. घटना के बाद वहां मौजूद अन्य चालकों ने सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया.