प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के चमरडीहा–लंका मुख्य सड़क को संवेदक द्वारा खोदकर करीब दो माह से अधूरा छोड़ दिए जाने से क्षेत्र में भारी नाराजगी है.सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहीं राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
मामले को लेकर बरवाडीह के उप प्रमुख विरेंद्र जयसवाल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. पत्र में उन्होंने कहा है कि अच्छी-भली सड़क को खोदकर छोड़ देना संवेदक की घोर लापरवाही को दर्शाता है. सड़क पर बने गड्ढों और मिट्टी के ढेर के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है.
उप प्रमुख ने चेतावनी दी है कि यदि संवेदक द्वारा एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क जाम किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संवेदक, संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की होगी.उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनता की सुरक्षा को देखते हुए संवेदक पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए,ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.इस संबंध में अंचल पदाधिकारी बरवाडीह एवं थाना प्रभारी बरवाडीह को भी सूचना दे दी गई है.
यह भी पढ़ें: एकल अभियान अंचल लातेहार का पांच दिवसीय आवासीय आचार्य प्रशिक्षण वर्ग संपन्न