न्यूज़11 भारत
सोनाहातू/डेस्क: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से सोनाहातू, सिल्ली और पातराहातू को जोड़ने वाले जर्जर उच्चस्तरीय पुल की स्थिति और भी खराब होती जा रही है. नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल पर खतरा लगातार बढ़ रहा है. अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने पहले ही पुल की जर्जर स्थिति की जानकारी प्रशासन को दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनाहातू पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब एक सप्ताह पहले पुल के एक छोर पर बैरिकेडिंग कराई. वहीं सिल्ली पुलिस ने भी अपने क्षेत्र की ओर पुल के दूसरे छोर पर बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन रोक दिया.
पुलिस ने आम ग्रामीणों से अपील की थी कि पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए कोई भी व्यक्ति बैरिकेडिंग पार कर पुल पर आवागमन न करें. बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई, ताकि किसी अनहोनी को रोका जा सके. लगातार बारिश के बाद पुल के आसपास नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है. पुल की तस्वीरें गंभीर स्थिति को साफ दिखा रही हैं. ऐसे समय में पुलिस द्वारा पहले से की गई बैरिकेडिंग और लोगों को सावधान करने की कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई. पुलिस की समय पर सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया.
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पुल की स्थिति सामान्य होने तक बैरिकेडिंग पार कर आवागमन न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. एक सप्ताह पहले ही पुलिस द्वारा उठाए गए एहतियाती कदम से आज संभावित खतरे के बीच बड़ा हादसा टलने में मदद मिली है.
इसे भी पढ़ें: रांची रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी करते पकड़ी गई युवती, पुलिस ने दबोचा