न्यूज11 भारत
लोहरदगा/डेस्क: लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के लोहरदगा चंदवा मुख्य सड़क के हेसल गांव में बीते रात मंदिर के समीप सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति मृत अवस्था में मिला. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ था और क्षेत्र में इधर-उधर घूमता रहता था.
स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे वह सड़क के आसपास जीवित अवस्था में था. लोगों ने उसे सड़क से हटाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह स्पष्ट रूप से कुछ बोल नहीं पा रहा था. इसके बाद मंगलवार सुबह वह सड़क पर मृत अवस्था में मिला. सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह करीब 6 बजे सदर थाना के एएसआई रमेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
शव को अस्पताल पहुंचाने में झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष समशुल अंसारी, समाजसेवी प्रकाश साहू, किशोर उरांव, रफीक अंसारी, रुस्तम अंसारी, बैच उरांव, जावा उरांव, प्रवीण लोहार, अजय उरांव, मुमताज अंसारी और दुर्गा उरांव समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया. घटना पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष मोज़म्मिल अंसारी ने दुख जताया. उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए. उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा रात के समय वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ाने की मांग की. पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों की जांच में जुटी है. मौत सड़क दुर्घटना में हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी.