न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित सत्यभामा अपार्टमेंट में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े सात अपराधियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से दो पिस्तौल, 23 जिंदा कारतूस, और घटना में प्रयुक्त चार बाइक व एक कार बरामद की है.
पुलिस के अनुसार, इस फायरिंग की साजिश जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ने रची थी. उसने कथित तौर पर अपने साथियों को वीडियो कॉल के जरिए अपराध को अंजाम देने का निर्देश दिया था.
यह मामला रांची में सक्रिय अमन साहू और सुजीत सिन्हा गिरोहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हुआ है. पुलिस का कहना है कि फायरिंग अमन साहू गैंग के सदस्य आकाश राय के घर पर की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी सुजीत सिन्हा गैंग के एक फ्रंट कोयलांचल शांति सेना ने ली थी. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपी
- जितेश कुमार
- संतोष मिश्रा
- मयंक कुमार
- राजू महतो
- प्रिंस मिश्रा
- सुमित वर्मा
- अभिषेक कुमार
रांची पुलिस इस मामले को गैंगवार से जुड़ा मानकर आगे की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि शहरी क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग करेगी लेह हिंसा की घटना की जांच, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश