न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: केरल के वंडूर इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर शनिवार को हमला किया गया. यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे थरूर की गाड़ी को अज्ञात हमलावरों ने बीच सड़क पर रोक लिया और उनके सुरक्षा गनमैन के साथ धक्का-मुक्की की. घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन मौके पर तनाव का माहौल बना रहा.
शशि थरूर दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. अचानक दो कारों में सवार करीब 8 लोगों ने थरूर की गाड़ी को जबरन रोक लिया. चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों ने गाड़ी के शीशों पर प्रहार किया और उसे आगे बढ़ने नहीं दिया. जब गनमैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला कर दिया गया. धक्का-मुक्की और हाथापाई के कारण सड़क पर हड़कंप मच गया.
स्थानीय पुलिस को तुरंत घटना की सूचना दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया हैं. अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह हमला पूर्व नियोजित था या सड़क विवाद का नतीजा. आपको बता दें कि केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 140 सदस्यों के चुनाव 9 अप्रैल को होंगे. इस बार मुख्य मुकाबला एलडीएफ (CPIM नेतृत्व), यूडीएफ (कांग्रेस नेतृत्व) और भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए के बीच हैं. वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे.
यह भी पढ़े: रांची के आज कई इलाकों में बिजली रहेगी गुल, समय से पहले निपटाएं जरुरी काम