न्यूज़11 भारत
चक्रधरपुर/डेस्क: चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर RPF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 18477 उत्कल एक्सप्रेस से 8.1 किलो गांजा बरामद किया है. गांजा एक गहरे नीले रंग के ट्रॉली बैग में 9 पैकेटों के भीतर छिपाकर रखा गया था. बैग बर्थ के नीचे लावारिस हालत में बरामद किया गया. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है.
RPF के अनुसार ट्रेन में तैनात टीटीई अरविंद कुमार ने संदिग्ध ट्रॉली बैग के संबंध में आरपीएफ को सूचना दी थी. सूचना के बाद जब उत्कल एक्सप्रेस चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची. जिसके बाद आरपीएफ पोस्ट चक्रधरपुर की टीम ने ट्रेन के बी 2 कोच की जांच की.
एसआई जयनंदन मिश्रा के नेतृत्व में एएसआई संतोष कुमार सिंह, एलसी रीना कुमारी और रबीना दास ने कोच में जांच के दौरान बर्थ नंबर 28 के नीचे एक गहरे नीले रंग का ट्रॉली बैग पाया. आसपास बैठे यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी यात्री ने उसकी जिम्मेदारी नहीं ली.
इसके बाद आरपीएफ टीम ने बैग को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उतारा और मामले की जानकारी आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी अधिकारी तथा आरपीएफ एएससी चक्रधरपुर को दी. अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रॉली बैग खोला गया. बैग के अंदर भूरे रंग की टेप से लिपटे 9 पैकेट मिले. पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा बरामद हुआ. बरामद गांजे को चक्रधरपुर के पार्सल कार्यालय ले जाकर वाणिज्यिक विभाग के अधिकारी अजय कुमार, कमर्शियल सुपरिंटेंडेंट की मौजूदगी में वजन कराया गया. जांच में प्रत्येक पैकेट का वजन करीब 900 ग्राम पाया गया और कुल वजन 8.1 किलो निकला. आरपीएफ ने इसकी अनुमानित कीमत 4,05,000 रुपये आंकी गई है.
आरपीएफ ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुबह जब्ती सूची तैयार कर गांजा जब्त किया. इसके बाद जब्त गांजा और संबंधित दस्तावेजों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी चक्रधरपुर को सौंप दिया गया. मामले में जीआरपी चक्रधरपुर ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
लावारिस बैग ने बढ़ाई तस्करी के नेटवर्क की आशंका
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि 8.1 किलो गांजा लेकर चल रहा यह ट्रॉली बैग ट्रेन में किसने कहाँ से रखा था और इसे कहाँ पहुंचाया जाना था. आसपास के यात्रियों में से किसी के भी बैग पर दावा नहीं करने के कारण आरपीएफ और जीआरपी अब बैग के वास्तविक मालिक और गांजा तस्करी से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: न्यूज 11 भारत की खबर का असर, विधायक की पहल पर RCD ने भरवाएं सड़क के गड्ढे