न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: खेल की नगरी सिमडेगा के बच्चे लगातार खेल की क्षेत्र में अपनी कामयाबी से सिमडेगा का नाम बुलंद कर रहे है. सिमडेगा के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है.
जमशेदपुर में आयोजित योनेक्स सनराइज झारखंड स्टेट मिनी एवं सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-सह-सिलेक्शन ट्रायल्स 2026 में सिमडेगा के उभरते खिलाड़ी सत्यांश राज केशरी ने बॉयज डबल्स अंडर-13 वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया. वहीं, अंडर-11 बॉयज सिंगल्स वर्ग में सिमडेगा के आरुष नाग ने तीसरा स्थान हासिल कर जिले को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई.
झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक जमशेदपुर स्थित मोहन आहुजा बैडमिंटन स्टेडियम परिसर में किया गया. राज्यभर से पहुंचे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच सिमडेगा के सत्यांश राज केशरी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 बॉयज डबल्स का खिताब अपने नाम किया. खिताब जीतने के बाद सत्यांश को समापन समारोह में मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. उनकी इस सफलता से सिमडेगा के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के साथ सत्यांश ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने आगामी प्रतियोगिताओं के लिए झारखंड की राज्य टीम में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है. वहीं आरुष नाग का तीसरा स्थान हासिल करना भी सिमडेगा में बैडमिंटन की बढ़ती प्रतिभाओं का संकेत माना जा रहा है.
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सिमडेगा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष तौकीर उस्मानी और सचिव रविंद्र कुमार मिश्रा सहित सुनील लकड़ा, अशरफ खान, सरोज श्रीवास्तव, जियाउल, रमेश बागवार, सुफियान, जैद खान समेत जिले के खेल प्रेमियों ने सत्यांश राज केशरी और आरुष नाग को बधाई दी.
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य स्तरीय मंच पर सिमडेगा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जिले में बैडमिंटन के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है. खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के मानद सचिव के. प्रभाकर राव और रेफरी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं.
इसे भी पढ़ें: चैंपियन बेटी सलीमा को गले लगाकर छलक पड़ा पिता का गर्व, आँखों से बयां हुई वर्षों की तपस्या