न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: लालपुर थाना क्षेत्र स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में 30 अगस्त को फंदे से लटके मिले रांची के पूर्व DDC सुनील कुमार सुसाइड नोट बरामद किया गया है. पुलिस को कमरे से कई पन्नों में लिखा सुसाइड नोट मिला है. अपने सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि शरीर का बलिदान बताया है. इस नोट में उन्होंने अपनी एक आखिरी इच्छा भी बताई है.
लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार के अनुसार, सुसाइड नोट में सुनील कुमार ने अपनी बीमारी और घुटने के दर्द से परेशान होने की बात लिखी है. साथ ही उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा बताते हुए वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने की बात लिखी. पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट को एफएसएल की टीम ने जब्त कर लिया है.
नोट की लिखावट और उसमें दर्ज तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस मामले में अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
बताते चलें रविवार को विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में रांची के पूर्व DDC सुनील कुमार का फांसी के फंदे से लटका शव बरामद किया गया था. फ्लैट में काम करने वाली नौकरानी ने सबसे पहले उन्हें मृत अवस्था में देखा था. इसके बाद उसने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को उनकी पत्नी और बेटा शव लेकर पटना चले गए थे.
इसे भी पढ़ें: बारिश से नहीं मिलेगी राहत! झारखंड में आज भी जमकर बरसेंगे बादल; 5 जिलों के लिए चेतावनी