संदीप बरनवाल/न्यूज़11 भारत
गावां/डेस्क: गावां प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को मधुमक्खियों और जंगली बिरनी के हमले से नौ लोग घायल हो गए. इनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. मल्हेत व धरवे नावाडीह गांव में मधुमक्खियों के हमले में चार लोग घायल हुए. घायलों में मल्हेत निवासी बसंती देवी (60), पति रामबिलास रजवार, मनीष रजवार (34), पिता कांग्रेस रजवार, धरवे नावाडीह निवासी गोमिया देवी (60), पति अशोक यादव तथा चांदनी कुमारी (32), पति मनीष रजवार शामिल हैं. सभी का प्राथमिक उपचार गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.
गंभीर स्थिति को देखते हुए गोमिया देवी और चांदनी कुमारी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. वहीं, शनिवार शाम जंगली बिरनी के हमले में पांच अन्य लोग घायल हो गए. घायलों में हरला निवासी सुहानी कुमारी, पिता विजय यादव, फुलवा देवी, पति जितेंद्र पंडित, कौशल्या देवी, पति राजेंद्र पंडित, घोसी निवासी भगिया देवी, पति मोहन प्रसाद यादव तथा सेरुआ निवासी धनेश्वर यादव, पिता स्व. तोड़ी महतो शामिल हैं. धनेश्वर यादव की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों का इलाज गावां सीएचसी में चल रहा है.
घटना की जानकारी मिलने पर माले के वरिष्ठ नेता नागेश्वर यादव, जिप सदस्य पवन कुमार चौधरी और मुखिया कन्हाई राम अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हाल जाना. इससे पूर्व बिरने के एक सरकारी शिक्षक व सिरी में एक वृद्ध की मौत हो चुकी है. उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जंगली बिरनी और मधुमक्खियों के हमलों को देखते हुए सीएचसी में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.